पाक खिलाड़ियों ने सिडनी टेस्ट भी किया था फिक्स
क्रिकेट एक बार फिर कलंकित हो गया।पाकिस्तानी खिलाडि़यों की एक औऱ करतूत सामने आई है। लंदन पुलिस ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के होटल के कमरों में छापा मारकर बड़ी रकम जब्त की है। इसके बाद इन खिलाड़ियों की गिरफ्तारी की आशंका काफी बढ़ गई है।
ब्रिटिश समाचार पत्र ने पाकिस्तान के तीन खिलाड़ियों द्वारा पैसे लेकर लॉर्ड्स में हुए मैच के दौरान गेंद से छेड़खानी करने का खुलासा स्टिंग के जरिए किया था। इसके बाद लंदन पुलिस ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के कमरों पर छापे मारे। ब्रिटिश अखबार ‘द इंडिपेंडेंट’ का दावा है कि पुलिस को खिलाडि़यों के कमरों से भारी नकदी मिली है। ऐसे में तीन पाकिस्तानी खिलाडि़यों पर मुकदमा भी दर्ज हो सकता है और ऐसी स्थिति में ये खिलाड़ी ब्रिटिश अदालतों का चक्कर लगाने के बाद ही पाकिस्तान वापसी कर सकते हैं।
लंदन पुलिस ने पहले क्रिकेट में सट्टेबाजी का रैकेट चलाने वाले मजहर माजिद को गिरप्तार किया था, जिसका दावा है कि सात पाकिस्तानी खिलाड़ी उसकी जेब में हैं और वह जैसा चाहे मैच फिक्स करा सकता है। माजिद जमानत पर रिहा हो चुका है। स्कॉटलैंड यार्ड (ब्रिटिश मेट्रोपॉलिटन पुलिस) ने रविवार को सटोरियो मजहर माजिद से विस्तार से पूछताछ की।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब न्यूज ऑफ द वर्ल्ड का एक रिपोर्टर, एक अंडरकवर ऑपरेशन के तहत माजिद से मिला और उसे कथित रूप से क्रिकेट मैच फिक्स कराने के लिए 150,000 यूके डॉलर याने करीब 1.20 करोड़ रुपए दिए। रिपोर्टर ने पूरी चर्चा रिकार्ड की। माजिद ने चर्चा में यह दावा भी किया कि पाकिस्तान को टेस्ट के बाद होने वाली एक दिवसीय श्रृंखला का एक मैच हारना है। यह पहले से फिक्स है।
माजिद ने गेंदबाजों – मुहम्मद आमिर और मुहम्मद आसिफ – को तीन नो बॉल कब डालनी है इसके संबंध में बताया था। शनिवार को लॉर्ड्स में खत्म हुए इंग्लैंड-पाकिस्तान टेस्ट मैच के दौरान वे नो बॉल बिलकुल उसी समय डालीं गईं। पुलिस के पास इसका वीडियो सबूत भी मौजूद है। मैच में इंग्लैंड जीता था। इसी के बाद अखबार ने अपना स्टिंग ऑपरेशन सार्वजनिक कर दिया और क्रिकेट जगत में तूफान मच गया।
आमिर ने जो दो नो बॉल डालीं थीं, वे अपने आप में शंका पैदा करने वालीं थीं। यदि नो बॉल होती भी है तो भी क्रीज के इतने बाहर जाकर नो बॉल डालने की कोई संभावना नहीं होती। साफ है कि गेंदबाज किसी भी कीमत पर नो बॉल डालना चाहता था। पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने केवल 90 मिनट बल्लेबाजी की और टीम पारी से हार गई।
अखबार द इंडिपेंडेंट के अनुसार पुलिस ने जांच के दौरान तीन खिलाड़ियों के मोबाइल भी जब्त कर लिए हैं। इनमें कप्तान सलमान बट्ट भी शामिल है। पूरी आशंका है कि पाकिस्तानी टीम के कुछ खिलाड़ी इस दौरे की समाप्ति (22 सितंबर) के पहले गिरफ्तार किए जा सकते हैं। स्कॉटलैंड यार्ड ने बट्ट, दो बॉलरों मुहम्मद आमिर और मुहम्मद आसिफ के अलावा विकेटकीपर कामरान अकमल से भी पूछताछ की है।
पुलिस ने रविवार रात करीब दो घंटे तक पाकिस्तानी टीम के हर खिलाड़ी के कमरों की तलाशी ली। इस दौरान कमरों से भारी रकम बरामद हुई । पुलिस ने तीन खिलाड़ियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए।
माजिद 2006 से पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के संपर्क में है। माजिद का सर्रे में करीब 8 करोड़ रूपए कीमत का मकान है।उसने पुलिस को बताया कि वह खिलाड़ियों से बात करने के लिए ब्लैकबेरी फोन का इस्तेमाल करता था।
पाकिस्तान पर पहले भी पूरे मैच को फिक्स करने के आरोप लग चुके हैं लेकिन इसमें खतरा बढ़ने पर, अब छोटे छोटे इंवेंट फिक्स किए जा रहे हैं।
पाक मैनेजर यावर सईद के अनुसार फिलहाल ये केवल आरोप हैं। और हमें इनकी जांच के नतीजों का इंतजार है। यह पूछा जाने पर कि क्या उन्हें लग रहा है कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने ऐसा किया होगा, सईद ने कहा अभी कहना संभव नहीं है। यदि कोई दोषी है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
Last 5 posts by डेस्क
- फिर से शुरु हो रहा है जनतंत्र - July 2nd, 2011
- अब ब्लड कैंसर नहीं रहेगी लाइलाज बीमारी - February 20th, 2011
- स्तन कैंसर के लिए जिम्मेदार जीन की खोज - February 20th, 2011
- जी-20:आर्थिक असंतुलन से निपटने पर सदस्य देशों के बीच उभरे मतभेद - February 20th, 2011
- राहत को नहीं मिली 'राहत', फेमा और कस्टम एक्ट के तहत आरोप तय - February 19th, 2011
Short URL: http://www.janatantra.com/news/?p=17195






