महाबली खली का नॉमिनेशन और पामेला एंडरसन की एंट्री,समझिए बिगबॉस का खेल
टीवी रियालटी शो बिग बॉस का चौथा सीजन पहले दिन से ही विवादों में है। टीआरपी बटोरने के लिए चैनल कुछ भी करने को तैयार है । इस बार के प्रतियोगियों को देखकर हर कोई यही कह रहा है कि साफ सुथरे छवि वाले लोगों को जैसे बिग बॉस ने अपने घर में रखने से मना कर दिया है।
वैसे कहने के लिए बिगबॉस का घर तो एक बेहतर प्लेटफॉर्म है जिसमें जगह पाने वाले अपनी जिंदगी से जुड़े हर पहलू को उजागर कर सकते हैं लेकिन आश्चर्य है कि नॉमिनेशन के डर से या अपने आप को बेहतर दिखाने के चक्कर में कोई भी यहां असली जिंदगी नहीं जीता है।
सब को पता है कि चारो तरफ कैमरे लगे हैं। ऐसे में स्वाभाविक है कि असली चेहरा कभी बाहर नहीं आ सकता । दरअसल हर एक प्रतिभागी साधारण कामों के जरिए बेहतर अभिनय और बेहतर छवि के निर्माण में लगा रहता है।
इस बार बिग बॉस पर यह भी आरोप लगें हैं कि यहां होनी वाली सारी घटनायें पहले से तय होती हैं। सारा और अली की शादी को लेकर भी बहुत सारी बातें निकल कर सामने आईं। सारा खा़न का अस्मित पटेल के करीब आना फिर अपने मंगेतर अली मर्चेंट का फोटो फाड़ना कुछ दिनों बाद अली का घर में वापस जाना और फिर घर में दोनों की शादी होना।
कहा तो यह भी जा रहा है कि बिग बॉस के घर में जाने से पहले अस्मित ,सारा और अली के साथ मिलकर पहले ही सब कुछ तय कर चुके थे। फिर बाकी का काम बिग बॉस ने किया।
दिलचस्प है कि इस शो के ही एक प्रतिभागी राहुल भट्ट ने घर से बाहर होने के बाद यह आरोप लगाया कि बिगबॉस के घर में पहले से सबकुछ तय होता है। यह भी कहा कि डॉली बिंद्रा को जाते ही हंगामा खड़ा करने और श्वेता तिवारी को टारगेट करने की खा़स हिदायत दी गई थी।
यह आरोप तो बिगबॉस पर पिछले सीजन में भी लगे थे । शो के ही कुछ प्रतियोगियों ने आरोप लगाया था। फिर चैनल ने अमिताभ बच्चन (जो कि पिछले साल होस्ट थे ) से बार बार कहलवाया कि सबकुछ पहले से तय नहीं होता है, आप दर्शक शो में भरोसा बनाये रखें।
इस हफ्ते महाबली खली का नॉमिनेशन भी कम दिलचस्प नहीं है। वैसे तो इस घर में नॉमिनेशन एक रूटीन प्रक्रिया है जो प्रत्येक सोमवार को होती है लेकिन इस बार के नॉमिनेशन में जिस तरह से अन्य प्रतिभागियों ने खली का नाम लिया उससे फिर एक शक की जगह बन रही है । शायद उन्हें खली का नाम लेने के लिए खा़स हिदायत दी गई हो । खली को नोमिनेट करने के लिए घरवालों ने जो कारण बताये वह भी कम दिलचस्प नहीं है । जिन पांच लोगों ने खली को नॉमिनेट किया,उन सबने कहा कि खली कोई काम नहीं करते है और सिर्फ बैठे रहते हैं। जबकि खली के घर में जाते ही बिग बॉस ने घर वालों को हिदायत दी थी सबसे पहले खली को खाना खिलाया जाये । उनके लिए एक खास बावर्ची का भी इंतजाम किया। अब तक खली का किसी से कोई मनमुटाव भी नहीं हुआ है। मनोज तिवारी से गलतफ़हमी पैदा हुई भी तो नॉमिनेशन के बाद।
अब तक खली एक बार नॉमिनेट हुए हैं वो भी घर से बाहर होने वाले प्रतिभागी के विशेष अधिकार के प्रयोग करने की वजह से । फिर कैसे एकाएक घर के पांच सदस्य खली से नाराज हो गये और यह दलील देने लगे की वे काम नहीं करते जबकि सबने अपनी मर्जी से उन्हें कोई काम भी नहीं दिया है।
आश्चर्य की बात यह भी है कि जिन प्रतिभागियों की आपस में लड़ाई हुई थी उन्होंने एक दूसरे का नाम लेने के बदले खली का नाम लिया। इस बात का भी ख्याल रखा गया है कि सब खली का नाम न लें।
यह खबर है कि घर में रहने के लिए खली हर दिन के पांच लाख रूपये ले रहे हैं। जो कि बिगबॉस के इतिहास में किसी भी प्रतिभागी को दी जाने वाली सबसे बड़ी रकम है।
इतना खर्च करने बाद भी शो की टीआरपी उतनी नहीं पहुंची जितनी की उम्मीद थी। इसलिए बिगबॉस प्रबंधन ने टीआरपी को ध्यान में रखकर बड़ा गेम खेलने का मन बना लिया है। खबर है कि 17 नवंबर को घर में हॉलिवुड की सेक्सी अभिनेत्री और पूर्व पॉर्न स्टार पामेला एंडरसन को मेहमान के तौर पर भेजा जाएगा। सिर्फ तीन दिन के लिए उन्हें ढाई करोड़ रुपये दिये जा रहे हैं। इसलिए इतनी बड़ी रकम की भारपायी तो खली को बाहर करके ही हो सकती है।
इसलिए बिग बॉस ने अपना खेल कर दिया। अब यदि डॉली बिंद्रा और सारा खान जैसों के सामने डब्लूडब्लूई का स्टार बाहर हो जाये तो कोई आश्चर्य नहीं होनी चाहिए।
Last 5 posts by प्रकाश प्रियदर्शी
- प्रधानमंत्री की चुप्पी कोई रणनीति नहीं,मजबूरी है ! - November 19th, 2010
- दिल्ली में पांच मंजिला इमारत ढहने से सैकड़ों दबे, 66 की मौत - November 16th, 2010
- जब आप सा कोई आता है तो हमारी बेचारगी और बढ जाती है मिस्टर ओबामा! - November 4th, 2010
- श्रंखला जीत कर भारत ने 23 साल का सूखा खत्म किया - October 24th, 2010
- आज ब्रेडमैन भी होते तो शरमा जाते - October 13th, 2010
Short URL: http://www.janatantra.com/news/?p=20494






